राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की वार्षिक आम सभा  संपन्न

राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की वार्षिक आम सभा  संपन्न

सतीश शर्मा (उप संपादक) 

राउरकेला, 14 जून 2026: राउरकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री  की 63वीं वार्षिक आम सभा रविवार (14 जून) को चैम्बर भवन में आयोजित हुई। चैंबर के अध्यक्ष मलय मंडल की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद दिलीप राय मुख्य अतिथि थे। श्री राय ने अपने संबोधन में वर्तमान कार्यकारिणी समिति को उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों के लिए बधाई दी। उन्होंने व्यापार, उद्योग तथा क्षेत्र के समग्र विकास हेतु चैंबर द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी समिति को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि चैंबर आने वाले वर्षों में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहेगा।
अध्यक्ष मलय मंडल ने अपने स्वागत भाषण में व्यापारिक विकास को बढ़ावा देने तथा उद्योग एवं व्यापार जगत की समस्याओं के समाधान हेतु चैंबर की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। महासचिव शुभम कपूर ने वर्ष 2025-26 के दौरान चैंबर द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों, पहलों, प्रतिनिधित्वों एवं उपलब्धियों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।। इस रिपोर्ट मेँ क्षेत्र के आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने हेतु चैंबर की सक्रिय भूमिका और विभिन्न हितधारकों के साथ उसके सतत प्रयासों पर प्रकाश डाला। 

सचिव (वित्त) मनीष मोदी ने वर्ष की  वित्तीय रिपोर्ट एवं आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। सभा के दौरान चैंबर के नियमों में संशोधन संबंधी दो प्रस्ताव सदन के समक्ष प्रस्तुत किए गए। जिन्हें विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से पारित किया गया। 
इस आम सभा ने राउरकेला के व्यापारिक एवं औद्योगिक परिवेश को और सुदृढ़ बनाने तथा वाणिज्य, उद्योग एवं उद्यमिता के समग्र विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता को दोहराया।

उपाध्यक्ष  बिस्वनाथ डे द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद प्रस्ताव के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।